अंतर्राष्ट्रीयबांग्लादेश अवामी लीग का ऐलान,’16 दिसंबर को आ...

बांग्लादेश अवामी लीग का ऐलान,’16 दिसंबर को आ रही हैं जननेता, जय बांग्ला’

नई दिल्ली, 24 नवंबर (वेब वार्ता)। क्या बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना स्वदेश लौटने की पूरी तैयारी कर चुकी हैं, क्या उन्होंने दिन तय कर लिया है? इन सवालों का जवाब उनके दल ने मंगलवार को दिया। बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट डाली हैं, जिनमें ’16 दिसंबर को आ रही हैं जननेता’ और ‘जय बांग्ला’ लिखा गया है।

बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी तस्वीर के साथ बांग्ला में लिखा, “16 दिसंबर तय, तैयार रहो बांग्लादेश, जय बांग्ला।” दूसरी पोस्ट में जनता को बताया गया,” जननेता 16 दिसंबर को बांग्लादेश पहुंच रही हैं।”

16 दिसंबर का दिन बांग्लादेश के लिए काफी अहम है। 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ मुक्ति संग्राम में जीत हासिल की थी। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। मुक्ति वाहिनी बांग्लादेश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले लोगों का संगठन था।

मंगलवार की इन पोस्ट्स से पहले रॉयटर्स न्यूज एजेंसी ने वतन वापसी की तारीख बताई थी। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली के हवाले से बताया था कि वे 16 दिसंबर को अपने देश लौटना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए तारिक रहमान की सरकार से विमान भेजने को भी कहा है। वह सरकारी एयरलाइन ‘बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस’ की फ्लाइट से स्वदेश लौटना चाहती हैं।

उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने बयान में कहा, “चूंकि 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को एक बांग्लादेशी विमान से भारत लाया गया था, इसलिए अब वह सरकार से मांग करती हैं कि वह दिल्ली से ढाका तक उनके हवाई सफर की व्यवस्था करे।”

उन्होंने आगे कहा, “संवैधानिक नियमों के विरुद्ध ऐसी परिस्थितियों में उन्हें निर्वासन में भेजने के बाद, अब सरकार की यह जिम्मेदारी है कि वह 16 दिसंबर को ‘विजय दिवस’ (विक्ट्री डे) पर उनकी बांग्लादेश वापसी को संभव बनाए।” हालांकि, देश की सरकार ने दोहराया कि उन्हें केवल प्रत्यर्पित ही किया जा सकता है।

बीते कुछ महीनों से उनके लौटने के कयास लगाए जा रहे थे। अलग-अलग मंचों के जरिए उन्होंने बांग्लादेश लौटने की इच्छा जाहिर की थी। यह पहली बार है जब 79 वर्षीय हसीना की ओर से वापसी की कोई निश्चित तारीख तय की गई है। विद्रोह के बाद देश छोड़ने के कुछ ही महीनों में उनके दस्तावेज रद्द कर दिए गए थे।

पिछले साल, एक बांग्लादेशी अदालत ने छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह को कुचलने के मामले में उन्हें दोषी ठहराया था। उनकी गैर-मौजूदगी में ही सजा-ए-मौत सुनाई गई थी। हसीना ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -