डे-नाइट एलईडी स्क्रीन के माध्यम से 29 नवंबर तक चलेगा आयोजन, आंतरिक आनंद, मानवता और विश्व शांति का दिया जा रहा संदेश
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) जनपद फर्रुखाबाद के ग्राम कन्हऊयाकूबपुर में विश्व शांति दूत डॉ. श्री प्रेम रावत जी के शांति, मानवता और आंतरिक आनंद के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विशेष वीडियो कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। रविवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में हरदोई के वरिष्ठ पत्रकार पीके गुप्ता ने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
22 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक चलने वाला यह विशेष आयोजन डे-नाइट एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें प्रेम रावत जी के विचारों और संदेशों के जरिए जीवन के वास्तविक आनंद, आत्मज्ञान, शांति और मानवता के महत्व को समझाया जा रहा है।
अपने संदेश में प्रेम रावत जी ने कहा कि मनुष्य जीवनभर घर, यात्रा, सुख-सुविधाओं और बाहरी संसाधनों में आनंद तलाशता रहता है, जबकि वास्तविक आनंद उसके अपने भीतर विद्यमान है। बाहरी वस्तुएं क्षणिक सुख दे सकती हैं, लेकिन स्थायी आनंद की अनुभूति अपने भीतर झांकने और स्वयं को पहचानने से ही संभव है।
स्वर्ग और नरक की अवधारणा को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि जब तक मनुष्य जीवित है, उसके पास इसी संसार को स्वर्ग बनाने का अवसर है। आपसी द्वेष, घृणा और एक-दूसरे को दुख पहुंचाने की प्रवृत्ति मनुष्य के जीवन को नरक जैसी परिस्थितियों में बदल देती है। इसके विपरीत प्रेम, शांति और परस्पर सद्भाव के साथ जीवन व्यतीत किया जाए तो इसी धरती पर स्वर्ग जैसी अनुभूति संभव है।
जीवन में एकाग्रता और सही दिशा के महत्व को समझाने के लिए उन्होंने मां और छोटे बच्चे का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मां घर के अनेक कार्यों में व्यस्त रहने के बावजूद अपना ध्यान बच्चे पर बनाए रखती है। इसी प्रकार मनुष्य को भी जीवन की भागदौड़ के बीच अपने वास्तविक उद्देश्य और आंतरिक चेतना पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। खुशी किसी बाहरी वस्तु की मोहताज नहीं, बल्कि मनुष्य के भीतर से उत्पन्न होने वाली अनुभूति है।
प्रेम रावत जी ने पीस एजुकेशन प्रोग्राम के माध्यम से जेलों में बंद कैदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल कैदियों का मनोरंजन करना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मचिंतन, आत्मपहचान और जीवन के वास्तविक उद्देश्य को समझने का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम में हरदोई के वरिष्ठ पत्रकार पीके गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, सुशील श्रीवास्तव, बृजराज कुशवाहा, सुधीर यादव, आर्येन्द्र कुशवाहा, ठाकुर अवधेश सिंह, रणवीर राजपूत, राजेश्वर दयाल, बादाम सिंह राजपूत, अमर सिंह, रामासरे आचार्य, ग्रीसन्द्र, खुशीराम, राबेन्द्र सिंह, वीर विक्रम सिंह, निर्मल सिंह, सतीश चन्द्र, अरविन्द कुमार, राजपाल, मलिखान सिंह, देवकी सिंह, दीपा सिंह, जगवीर, श्यामपाल, प्रीती देवी, प्रेमलता एवं शान्ती देवी सहित बड़ी संख्या में गुरु भाई-बहन और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस विशेष आयोजन में सहभागिता कर प्रेम, शांति, मानवता और आंतरिक आनंद के संदेश को आत्मसात करें तथा सकारात्मक सोच के साथ जीवन जीने की प्रेरणा प्राप्त करें।




