विधायक रामपाल वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और अंगवस्त्र भेंट कर किया अभिनंदन
लक्ष्मीकान्त पाठक
कछौना (हरदोई)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं अवध क्षेत्र प्रभारी दिलीप पटेल का कछौना आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। लखनऊ रोड स्थित अपना ढाबा पर आयोजित स्वागत समारोह में फूल-मालाओं, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा की उपस्थिति एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।
जिला कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रतिभाग करने के बाद दिलीप पटेल का काफिला कछौना पहुंचा। यहां पहले से मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारों के बीच उनका स्वागत किया। शीर्ष संगठनात्मक नेतृत्व के आगमन पर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और पूरा परिसर भाजपा के नारों से गूंज उठा।

स्वागत समारोह के बाद प्रदेश महामंत्री ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन भाजपा कछौना मंडल महामंत्री अजय बाजपेयी एवं मंडल के कार्यकर्ताओं ने किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मयंक सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष राधा रमण शुक्ला उर्फ पंकज, जिला उपाध्यक्ष अजय शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष ब्रह्म कुमार सिंह, ग्राम प्रधान रानू वाजपेयी, पूर्व प्रधान कृष्णकांत सिंह, अपना दल के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र गौतम, विश्व हिंदू परिषद के नीरज शुक्ला, असर्फी वर्मा, अखिलेश वर्मा, अनूप सिंह तथा सत्यप्रकाश मिश्रा उर्फ पप्पू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बूथ अध्यक्ष और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




