सोनीपत (राजेश आहूजा) सोनीपत जिले के 13 सरकारी डाक्टरों को चार्जशीट जारी करने की कार्यवाही के विरोध में वीरवार को डॉक्टरों ने ओपीडी बंद कर दी। डॉक्टरों की यह सांकेतिक हड़ताल करीब दो घंटे चली। इस दौरान सुबह 9 बजे से 11 बजे तक सभी सरकारी अस्पतालों, सीएचसी व पीएचसी में ओपीडी सेवाएं बंद रही। जिसके चलते मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिले के 13 सरकारी डाक्टरों को हरियाणा सिविल सर्विसेज के रूल-8 के तहत प्रस्तावित चार्जशीट जारी की गई।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि गत दिवस डाॅ. वीरेंद्र की अध्यक्षता में स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया गया था। जिसकी रिपोर्ट पर 13 डाॅक्टरों पर अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की गई है। डाक्टरों का कहना है कि लिस्ट में नये डॉक्टरों के नाम भी शामिल हैं। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन और डेंटल सर्जन्स एसोसिएशन के आह्वान पर डाॅक्टरों ने हड़ताल के दौरान काली पट्टी बांधकर धरना दिया। पंजीकरण काउंटर बंद होने पर सिविल सर्जन ने जाकर सेवाएं शुरू कराई। हालात संभालने के लिए सिविल सर्जन डाॅ. अलंकृता गेरा ने ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच की। साथ ही अन्य ओपीडी के लिए डिप्टी सिविल सर्जनों की ड्यूटी लगाई गई।
13 डॉक्टरों को चार्जशीट, विरोध में डॉक्टरों ने की दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल

- Advertisement -



