मेयर ने वार्ड 1 से 7 के विकास कार्यों व समस्याओं को लेकर पार्षदों के साथ की बैठक
यमुनानगर।(संजीव ओबरॉय)। शहर के सभी वार्डों में विकास कार्यों को गति देने और आमजन की समस्याओं के समाधान को लेकर मेयर सुमन बहमनी ने बुधवार को जगाधरी स्थित नगर निगम कार्यालय में वार्ड नंबर 1 से 7 तक के पार्षदों व अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संबंधित वार्डों के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान वार्डों की प्रमुख समस्याओं, चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और भविष्य में प्रस्तावित विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मेयर सुमन बहमनी ने पार्षदों से उनके वार्डों में लोगों को आ रही समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्षदों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। जिन विकास कार्यों पर काम चल रहा है, उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा करवाया जाए, ताकि लोगों को जल्द से जल्द उनका लाभ मिल सके। मेयर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड का समान रूप से विकास करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है। विकास कार्यों की योजना बनाते समय स्थानीय लोगों की जरूरतों और पार्षदों के सुझावों को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और पार्षदों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर जोर दिया, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के आपसी तालमेल से ही शहर की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों को बेहतर सड़क, सफाई, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। बैठक में वार्डों से जुड़े विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौके पर पार्षद रीना रस्तोगी, पार्षद अरुण कुमार, पार्षद जयंत स्वामी, पार्षद भानू प्रताप, पार्षद प्रतिनिधि ईश्वर कंबोज आदि मौजूद रहें।
फोटो कैप्शन – जगाधरी नगर निगम कार्यालय में पार्षदों की बैठक लेती मेयर सुमन बहमनी।
फोटो कैप्शन – बैठक में पार्षदों को निर्देश देती मेयर सुमन बहमनी।




