वेलिंगटन, 17 नवंबर (वेब वार्ता)। न्यूजीलैंड के युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र भारत के खिलाफ होने वाली 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं। रवींद्र का मानना है कि टेस्ट सीरीज आसान नहीं होगी और नई गेंद का सामना करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
19 नवंबर से शुरू हो रहे पहले टेस्ट से पहले रवींद्र ने कहा, “न्यूजीलैंड की पिचें टेस्ट की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को काफी मदद दे सकती हैं, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, बल्लेबाज बेहतर हालात की उम्मीद कर सकते हैं। नई गेंद का सामना करना ही सबसे बड़ी चुनौती होगी।”
युवा ऑलराउंडर ने कहा, “न्यूजीलैंड की पिचों पर हरी घास बल्लेबाजी को मुश्किल बना सकती है, लेकिन बल्लेबाज के लिए एक बार जम जाने और अपने प्लान पर भरोसा करने के बाद बड़ा स्कोर करना संभव है।”
उन्होंने कहा, “आमतौर पर, बहुत से लोग टेस्ट क्रिकेट के बारे में कहते हैं कि न्यूजीलैंड हमेशा जितना दिखता है उससे थोड़ा बेहतर खेलता है। मुझे लगता है कि घास का कवरेज और हरी पिच हमें सोचने पर मजबूर करती है कि यह क्या करेगी? क्या यह बाउंस करेगी या सीम करेगी? लेकिन यह एक शानदार टेस्ट विकेट है। उम्मीद है कि बेसिन रिजर्व में अच्छा बाउंस और कैरी मिलेगा। तेज गेंदबाजों का पलड़ा भारी रहेगा। स्पिनरों के लिए भी मौका है। आपने पिछले कुछ सालों में बेसिन में कुछ शानदार स्कोर और क्रिकेट के शानदार मैच देखे हैं। इसलिए मुझे उम्मीद है कि यह एक अच्छा विकेट होगा।”
रवींद्र इंजरी से वापसी कर रहे हैं और टीम के लिए खेलने को लेकर उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, “टीम को टेलीविजन पर खेलते देखकर मैं मैदान पर वापस आने के लिए उत्सुक था। अपने होम ग्राउंड वेलिंगटन में वापसी करके खास तौर पर खुश हूं। तीन महीने में अपने होम ग्राउंड पर पहला गेम खेलना हमेशा अच्छा लगता है।”
इंजरी की वजह से रवींद्र भारत के खिलाफ टी20 और वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे। टेस्ट सीरीज में उनकी वापसी से कीवी टीम को मजबूती मिली है। बुधवार को 27 साल के होने जा रहे रवींद्र ने न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट की 44 पारियों में 5 शतक और 7 अर्धशतक लगाते हुए 1,865 रन बनाए हैं। इसके अलावा 11 विकेट लिए हैं।




