गंगटोक, 16 नवंबर (वेब वार्ता)। सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मीडिया जगत से जुड़े लोगों को शुभकामनाएं दीं और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने, जागरूकता फैलाने तथा एक जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में उनके योगदान की सराहना की।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जारी एक संदेश में उन्होंने कहा, ‘‘आइए, हम लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने, जागरूकता को बढ़ावा देने तथा एक जागरुक और सशक्त समाज के निर्माण में मीडिया जगत के हमारे साथियों के अमूल्य योगदान को पहचानें और उसकी सराहना करें।’’
तमांग ने कहा, ‘‘मैं प्रेस और मीडिया जगत के सभी सदस्यों, विशेष रूप से सिक्किम के पत्रकारों और मीडिया पेशेवरों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार प्रेस लोकतंत्र का एक अनिवार्य स्तंभ है। पत्रकार अपनी प्रतिबद्धता, साहस और सच्चाई के प्रति निष्ठा के माध्यम से नागरिकों को जानकारी देने, सार्वजनिक विमर्श को मजबूत बनाने तथा शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सिक्किम जैसे विविधतापूर्ण और जीवंत राज्य में मीडिया सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम भी करता है। यह विभिन्न समुदायों को करीब लाने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग की आवाज को मंच प्रदान करता है।




