राज्यशिक्षा का बढ़ता व्यवसायीकरण चिंता का विषय, ग्रामीण...

शिक्षा का बढ़ता व्यवसायीकरण चिंता का विषय, ग्रामीण प्रतिभाओं को अवसर देना जरूरी: कडसिद्धेश्वर स्वामीजी

बेलगावी (कर्नाटक), 16 नवंबर (वेब वार्ता)। कनेरी मठ के अदृश्य कडसिद्धेश्वर स्वामीजी ने मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि आज शिक्षा का लगभग हर मॉडल व्यावसायिक स्वरूप ले चुका है। शिक्षा संस्थान पैकेज के रूप में काम कर रहे हैं, जहां आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों के बच्चे आसानी से बेहतर शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।

कनेरी मठ के अदृश्य कडसिद्धेश्वर स्वामीजी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि समाज के गरीब और ग्रामीण तबके के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के पास पर्याप्त संसाधन और सुविधाएं नहीं होने के कारण वे अपनी क्षमता के अनुरूप आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कनेरी मठ एक बड़े शैक्षणिक और कौशल विकास केंद्र की स्थापना की दिशा में काम कर रहा है।

बेलगावी में आयोजित जिला स्तरीय बैठक के दौरान कडसिद्धेश्वर स्वामीजी ने बताया कि पिछले कई महीनों से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के भविष्य को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा था। इसी सिलसिले में स्थानीय गणमान्य लोगों और बुजुर्गों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों के लिए एक व्यापक केंद्र स्थापित करना है, जो आर्थिक तंगी और सुविधाओं के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को यूपीएससी, आईएएस, केपीएससी, न्यायपालिका, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही युवाओं को सफल व्यवसायी और उद्यमी बनने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

स्वामीजी ने कहा कि हर व्यक्ति सरकारी अधिकारी नहीं बन सकता। इसलिए युवाओं को रोजगार के अन्य अवसरों के लिए भी तैयार करना जरूरी है। इसी सोच के तहत बसवधाम में स्थापित किए जाने वाले ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर कॉम्पिटिटिव एग्जाम्स’ के अंतर्गत एक विशेष ‘स्किल डेवलपमेंट सेंटर’ भी विकसित किया जाएगा।

इस केंद्र में लड़के और लड़कियों को विभिन्न प्रकार के व्यावहारिक और व्यावसायिक कौशल सिखाए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने पैरों पर खड़े हो सकें।

कड़सिद्धेश्वर स्वामीजी ने बताया कि केंद्र का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को अपना स्टार्टअप शुरू करने में भी सहयोग करना है। इसके लिए उन्हें बैंकों से जोड़ा जाएगा और व्यवसाय शुरू करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश है कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवा भी आगे चलकर विश्वस्तरीय उद्यमी और सफल व्यवसायी बनें। आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी प्रतिभा की प्रगति में बाधा नहीं बननी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -