लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) संडीला कस्बे के अशरफ टोला मोहल्ले में शुक्रवार को भाई-भाई के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। मामूली विवाद के बाद एक भाई ने दूसरे के सिर पर ईंट से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। घर के भीतर 37 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बरौनी अशरफ टोला निवासी राधेश्याम पुत्र श्रीश्याम शुक्रवार को अपने घर में मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही संडीला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राधेश्याम और उसके भाई घनश्याम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान घनश्याम ने राधेश्याम के सिर पर ईंट से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी भाई घनश्याम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने घटना की जानकारी दी।




