राज्यउत्तर प्रदेशहरदोई में डीएपी खाद की किल्लत पर प्रशासन...

हरदोई में डीएपी खाद की किल्लत पर प्रशासन सख्त, एसडीएम ने रात में सोसाइटी पर मारा छापा; सचिवों को कार्रवाई की चेतावनी

लक्ष्मीकान्त पाठक

हरदोई (वेबवार्ता)। किसानों को डीएपी खाद के लिए भटकना न पड़े और सहकारी समितियों पर खाद का वितरण पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने गुरुवार रात ब्लॉक बावन की सकहा सहकारी समिति पर अचानक छापेमारी की। निरीक्षण के दौरान समिति के सचिव अशोक सिंह मौके पर नहीं मिले। एसडीएम ने वहां मौजूद किसानों से खाद की उपलब्धता और वितरण की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
मौके पर मौजूद किसानों ने बताया कि उन्हें सकहा समिति से डीएपी खाद प्राप्त हुई है। सचिव अशोक सिंह से दूरभाष पर हुई बातचीत में जानकारी मिली कि समिति को अब तक डीएपी की 300 बोरी प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 270 बोरियों का वितरण किसानों को किया जा चुका है। शेष 30 बोरियां अगले दिन वितरित किए जाने की बात कही गई। सचिव ने यह भी बताया कि अगले दिन डीएपी की 300 बोरियों की एक और खेप समिति को मिलने की संभावना है।
उपजिलाधिकारी सदर ने सचिव को निर्देश दिए कि शेष खाद का वितरण तत्काल किसानों को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने तहसील सदर की अन्य सहकारी समितियों के सचिवों को भी सख्त हिदायत दी कि किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहीं से भी खाद वितरण में अनियमितता या किसानों को परेशान किए जाने की शिकायत मिली तो संबंधित सचिव के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में एसडीएम सदर लगातार किसान संगठनों और सहायक निबंधक सहकारिता हरदोई एएन सिंह से संपर्क कर समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने में जुटे हैं। प्रशासन की इस सक्रियता से समितियों के सचिवों की जवाबदेही बढ़ी है और किसानों तक खाद पहुंचाने के प्रयास तेज हुए हैं।
मौके पर मौजूद किसानों ने खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन और उपजिलाधिकारी सदर द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान गुडनेश कुमार, पूर्व प्रधान अनिल कुमार सिंह, विपनेश सिंह, अभिषेक सिंह, आजाद यादव, सुनील, राजेश्वर, मायाप्रकाश, विक्कू, रिंकू, चम्पती, सुधीर कुमार, लवकुश यादव, मुन्ना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -