लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में धीरेंद्र शास्त्री द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर यदुवंशी समाज में आक्रोश गहराता जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा ने जिला अध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक हरदोई को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
महासभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति की गई कथित अभद्र टिप्पणी से न केवल यदुवंशी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को भी ठेस पहुंची है। संगठन ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इसके साथ ही महासभा ने उत्तर प्रदेश में धीरेंद्र शास्त्री के प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को रद्द कराने की मांग भी उठाई। संगठन का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े संवेदनशील विषयों पर किसी भी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।
जिला अध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा चुप नहीं बैठेगी। संगठन देशभर में विभिन्न स्थानों पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के सम्मान और समाज की धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मुद्दे पर महासभा अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।




