सोनीपत (राजेश आहूजा) देश के प्रथम गृह मंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित रन फॉर यूनिटी को शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, सोनीपत विधायक निखिल मदान ने युवाओं के साथ दौडते हुए शहरवासियों को एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने युवाओं को राष्टï्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए सरदार पटेल के जीवन, उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने के संकल्प को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने लौह पुरूष सरदार वल्लभाई पटेल को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन केवल एक महान व्यक्तित्व को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि उस संकल्प को दोहराने का अवसर है, जिसके बल पर सरदार वल्लभभाई पटेल ने 500 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, राजनीतिक सूझबूझ और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही आज हम एक एकीकृत भारत का स्वरूप देख रहे हैं। सरदार पटेल ने देश को एकता की मजबूत नींव दी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भारत को सशक्त, समृद्ध और श्रेष्ठ बनाने के प्रयास निरंतर जारी हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण करवाकर सरदार वल्लभभाई पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि दी है। यह प्रतिमा न केवल उनके महान योगदान की याद दिलाती है, बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना को भी मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 को समाप्त करना भी देश की एकता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक कदम रहा है। आज एक भारत, श्रेष्ठ भारत का विचार देश के कोने-कोने में जनभावना बन रहा है।
शिक्षा मंत्री श्री ढांडा ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में देश की एकता, शांति और मजबूती बनाए रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक को यह समझना होगा कि देश मजबूत होगा तो नागरिक भी मजबूत होंगे। राष्ट्र को श्रेष्ठ बनाने की शुरुआत व्यक्ति के अपने विचारों, व्यवहार और कर्तव्यों से होती है। हमें अपने जीवन में ऐसे सकारात्मक बदलाव लाने चाहिए, जो समाज और देश की प्रगति में योगदान दें।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और विचारधारा सद्भावना, मानवता और विश्व कल्याण का संदेश देती है। धर्म की जय हो अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो जैसे विचार भारतीय संस्कृति की उदारता और व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाते हैं। इन्हीं मूल्यों को अपनाकर देश को शांति, समृद्धि और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
रन फॉर यूनिटी के दौरान विधायक निखिल मदान ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल ने जो योगदान दिया, उसके लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का देश की आजादी में विशेष योगदान रहा। उन्होंने कहा कि हम कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एकता के सूत्र में बंधे हुए हैं।
इस मौके पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, डीसीपी जितेन्द गहलावत महामंत्री तरूण देवीदास, एसीपी राजदीप मोर व नरेश अहलावत, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, डीएसओ मनोज कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी को शिक्षा मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

- Advertisement -



