खेलक्यों भड़के संगकारा: डबलिन एयरपोर्ट पर ऐसा क्या...

क्यों भड़के संगकारा: डबलिन एयरपोर्ट पर ऐसा क्या हुआ, श्रीलंकाई दिग्गज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किसे लताड़ा?

सार

श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने डबलिन एयरपोर्ट पर रायनएयर के कर्मचारियों पर अपने परिवार के साथ भेदभावपूर्ण और धमकी भरा व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक्स पर अपना अनुभव साझा किया। एयरलाइन ने अभी तक आरोपों पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है और घटना की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।

विस्तार

श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने आयरलैंड के डबलिन एयरपोर्ट पर एयरलाइन कर्मचारियों के कथित व्यवहार को लेकर नाराजगी जताई है। संगकारा ने आरोप लगाया कि रायनएयर (Ryanair) के गेट स्टाफ ने उनके परिवार के साथ भेदभावपूर्ण और धमकी भरा व्यवहार किया। 48 वर्षीय पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज ने बुधवार, 28 अक्तूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना अनुभव साझा करते हुए इसे चौंकाने वाला और अस्वीकार्य बताया। एयरलाइन की ओर से इन आरोपों पर अभी तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

परिवार के साथ हुआ व्यवहार चौंकाने वाला था’
संगकारा ने एक्स पर रायनएयर के कर्मचारियों के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए दूसरे यात्रियों से भी अपने अनुभव साझा करने को कहा। उन्होंने लिखा, ‘क्या डबलिन में किसी और यात्री को रायनएयर के भेदभावपूर्ण गेट स्टाफ का सामना करना पड़ा है? मेरे और मेरे परिवार के साथ अभी ऐसा ही हुआ और यह चौंकाने वाला था। बात करने का लहजा, प्रक्रिया को गलत तरीके से संभालना और धमकी भरा व्यवहार। किसी भी यात्री के साथ ऐसा व्यवहार अस्वीकार्य है। डबलिन में यह मेरा पहला खराब अनुभव था।’

पूर्व श्रीलंकाई कप्तान ने यह स्पष्ट नहीं किया कि एयरपोर्ट पर कर्मचारियों के साथ उनका विवाद किस बात को लेकर हुआ था। उन्होंने घटना के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया या कथित धमकी के बारे में भी अतिरिक्त जानकारी नहीं दी। फिलहाल, उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

दूसरे श्रीलंकाई व्यक्ति ने भी साझा किया अनुभव
संगकारा की पोस्ट पर श्रीलंका के संजीव वीरावरना ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पश्चिमी देशों में रहने और यात्रा करने के दौरान अपने साथ भी भेदभाव होने का दावा किया। वीरावरना ने लिखा, ‘कुमार, मैंने पश्चिम के हर हिस्से में भेदभाव का अनुभव किया है। मैं वहां 16 साल रहा, अगले 25 साल तक वहां आता-जाता रहा और अब मैंने यह सब छोड़ दिया है।’ उन्होंने आगे कहा कि इन अनुभवों के कारण अब वह जरूरी होने पर ही पश्चिमी देशों की यात्रा करना चाहते हैं। इस पर संगकारा ने उनकी बात से सहमति जताते हुए लिखा, ‘जब आप खुद ऐसा अनुभव करते हैं, तो यह काफी परेशान करने वाला होता है।’
श्रीलंका के महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं संगकारा
कुमार संगकारा श्रीलंका के सबसे सफल बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2015 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। अपने करियर में उन्होंने 134 टेस्ट, 404 वनडे और 56 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। टेस्ट क्रिकेट में संगकारा ने 12,400 रन बनाए, जिसमें 38 शतक और 52 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में उनके नाम 14,234 रन दर्ज हैं। इस प्रारूप में उन्होंने 25 शतक और 93 अर्धशतक लगाए।

संगकारा 2007 और 2011 के वनडे विश्व कप फाइनल में पहुंचने वाली श्रीलंकाई टीम का हिस्सा भी रहे थे। दोनों बार टीम उपविजेता रही। संन्यास के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहे और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल में टीम फाइनल तक पहुंची थी, जबकि 2026 का अभियान क्वालिफायर-2 में समाप्त हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -