सार
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टी20 में 199 रन का लक्ष्य हासिल करते हुए 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। अभिषेक शर्मा ने 38 गेंदों पर 113 रन की पारी में 11 छक्के जड़े। उन्होंने न्यूजीलैंड की पूरी टीम के बराबर छक्के अकेले लगाकर अपने आक्रामक अंदाज का दम दिखाया।
विस्तार
न्यूजीलैंड की पारी
न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 198 रन बनाए हैं। कीवी टीम की शुरुआत खराब रही थी। टीम ने दूसरे ओवर में ही टिम साइफर्ट का विकेट गंवाया था। वह दो रन बनाकर अर्शदीप सिंह का शिकार बने। इसके बाद फिन एलन ने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 43 गेंद में 86 रन की साझेदारी निभाई। इस साझेदारी को नीतीश रेड्डी ने तोड़ा। नीतीश ने एलन को नमन धीर के हाथों कैच कराया। वह 25 गेंद में पांच छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अपना 100वां टी20 अंतरराष्ट्रीय खेल रहे ग्लेन फिलिप्स को अक्षर पटेल ने आउट किया। वह 14 गेंद में 17 रन बना सके। इसके बाद मिचेल ने बेवन जैकब्स के साथ चौथे विकेट के लिए 48 गेंद में 75 रन की अटूट साझेदारी निभाई। मिचेल ने 52 गेंद में पांच चौके और पांच छक्के की मदद से 89 रन की पारी खेली। वहीं जैकब्स 23 गेंद में चार चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 39 रन बनाए।

भारत की पारी
199 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव और अभिषेक ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 43 गेंद में 133 रन की साझेदारी निभाई। वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंद में चार चौके और चार छक्के की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए। भारत को दूसरा झटका अभिषेक के रूप में लगा। अपनी जबरदस्त पारी से उन्होंने पूरा मैच भारत की झोली में डाल दिया। हालांकि, उनके आउट होने के बाद भारत को दो और झटके जरूर लगे, लेकिन उससे कोई फर्क नहीं पड़ा। संजू सैमसन 13 गेंद में 18 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर 10 गेंद में पांच रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा एक रन और नमन धीर चार रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड की ओर से काइल जेमीसन ने दो विकेट लिए, जबकि मैथ्यू फिशर और सैंटनर को एक-एक विकेट मिला।




