लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। फर्जी शादी कराकर रुपये की ठगी करने के मामले में वर्ष 2021 से वांछित चल रहे एक हजार रुपये के इनामी आरोपी को लोनार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश पुत्र जदुवीर निवासी ग्राम डभेलिया, थाना लोनार, जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2021 को ग्राम परसोला निवासी धनंजय सिंह पुत्र रामनरेश ने थाना लोनार में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रमेश समेत छह लोगों ने धोखाधड़ी कर उनकी झूठी शादी कराई और रुपये ठग लिए। तहरीर के आधार पर थाना लोनार में मुकदमा अपराध संख्या 352/2021 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 120बी, 406 और 420 में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित आरोपी रमेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हरदोई की ओर से एक हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लोनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना लोनार में वर्ष 2023 में भारतीय दंड संहिता की धारा 174ए के तहत भी मुकदमा दर्ज है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक चंद्रप्रकाश द्विवेदी, कांस्टेबल कचन और कांस्टेबल जोगेंद्र पाल शामिल रहे।




