नोटिस प्राप्त होने के तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण, सात दिन में शिकायतों का निपटारा करने के निर्देश
सोनीपत (राजेश आहूजा) सीएम विंडो पर नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित समय में समाधान नहीं करने पर उपायुक्त नेहा सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिले के 41 विभागाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि लंबित शिकायतों का तथ्यों के आधार पर समाधान करते हुए कार्रवाई की रिपोर्ट भी निर्धारित समय में प्रस्तुत की जाए। नोटिस के तीन दिन में जवाब और सात दिन में शिकायतों का समाधान करना होगा।
कारण बताओ नोटिस में उपायुक्त ने निर्देश दिए कि संबंधित विभागाध्यक्ष को नोटिस प्राप्त होने के तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना होगा। इसके साथ ही शिकायतों का सात दिन के भीतर तथ्यों के आधार पर निपटारा करने, उचित कार्रवाई रिपोर्ट तैयार करने और आवश्यक दस्तावेज सीएम विंडो पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी किए गए नोटिस में तहसीलदार सोनीपत, शाखा प्रभारी, ईए शाखा, उपायुक्त कार्यालय, सोनीपत, तहसीलदार, गोहाना, तहसीलदार, गन्नौर, नायब तहसीलदार, राई, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), सोनीपत, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, मुरथल, जिला राजस्व अधिकारी, सोनीपत, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, गन्नौर, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, खरखौदा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, सोनीपत, सचिव, नगर पालिका, खरखौदा, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, सोनीपत, संपदा प्रबंधक, एचएसआईआईडीसी, राई, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, राई, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, सोनीपत, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत, उप आबकारी एवं कराधान आयुक्त, सोनीपत, उप नगर आयुक्त, नगर निगम, सोनीपत, शाखा प्रभारी, एलएफए शाखा, उपायुक्त कार्यालय, सोनीपत, क्षेत्रीय अधिकारी, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, सोनीपत, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), गन्नौर, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), गोहाना, तहसीलदार, खरखौदा, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, कथूरा, सिविल सर्जन, सोनीपत, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, सोनीपत, मंडल वन अधिकारी, सोनीपत, जिला नगर योजनाकार, सोनीपत, सचिव, नगर पालिका, गन्नौर, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, गोहाना, सचिव, नगर पालिका, कुंडली, प्रधानाचार्य, मोतीलाल नेहरू स्कूल ऑफ स्पोर्ट्स, राई, कार्यक्रम अधिकारी, समेकित बाल विकास सेवा योजना, सोनीपत, उपमंडल अधिकारी (नागरिक), खरखौदा, उपमंडल अधिकारी, हरियाणा आवास बोर्ड, सोनीपत, जिला मृदा संरक्षण अधिकारी, सोनीपत, जिला सांख्यिकी अधिकारी, सोनीपत, शाखा प्रभारी, सरप्लस शाखा, उपायुक्त कार्यालय, सोनीपत, कार्यकारी अभियंता, पंचायती राज, सोनीपत, कार्यकारी अभियंता, जल सेवाएं, सोनीपत शामिल हैं।
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सीएम विंडो नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह शिकायतों की गंभीरता से जांच करे और उनका निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे। शिकायतों का निपटारा केवल औपचारिकता के तौर पर न किया जाए, बल्कि संबंधित तथ्यों, दस्तावेजों और की गई कार्रवाई के आधार पर उचित निर्णय लिया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि वे लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें, शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लें और किसी भी मामले में अनावश्यक देरी न होने दें। प्रशासन का उद्देश्य आमजन की शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखना है।




