लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को हरदोई जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं, बालिकाओं और स्कूली बच्चों को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, साइबर अपराधों से बचाव और बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जानकारी दी गई।
थाना बिलग्राम की महिला आरक्षी दीक्षा और लक्ष्मी ने मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। उन्हें पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 व 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 सहित अन्य जरूरी नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना के बारे में बताया गया।
वहीं, थाना हरपालपुर की उपनिरीक्षक अंजना सचान, महिला आरक्षी आशा और आरक्षी अंकुल ने जूनियर विद्यालय इग्नोर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। बच्चों को पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ गुड टच-बैड टच के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी से बचने और साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
इसी क्रम में थाना बेनीगंज की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। महिला आरक्षी कीर्ति सैनी और खुशबू ने हेल्पलाइन नंबरों के साथ विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से सतर्क रहने और ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने की अपील की।
पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी तरह की समस्या होने पर संकोच छोड़कर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।




