लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता) बाल विद्या भवन पब्लिक स्कूल में आयोजित द्वादश श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव के छठे दिन गरबा-डांडिया कार्यक्रम की धूम रही। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष रीतेश मिश्रा सहित पत्रकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की भव्य महाआरती से हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती मुख्य अतिथि तथा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष अनुराधा मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. कीर्ति सिंह ने अतिथियों को चुनरी ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
महोत्सव के सफल आयोजन में योगदान देने वाले समिति सदस्यों के साथ पत्रकारों को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों के योगदान की सराहना की गई।
अंतिम चरण में पारंपरिक गरबा-डांडिया नृत्य ने समां बांध दिया। श्रद्धालु देर रात तक भक्ति गीतों की धुन पर झूमते रहे। पूरा परिसर मां दुर्गा की आराधना, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।




