लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई, 12 अक्टूबर। यूपीआई भुगतान पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क को लेकर समाजवादी व्यापार सभा ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को हरदोई में कार्यकर्ताओं ने लखनऊ चुंगी से सिनेमा चौराहा होते हुए बड़ा चौराहा तक प्रदर्शन किया। हाथों में विरोध की तख्तियां लेकर और थाली-चम्मच बजाकर कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित शुल्क के खिलाफ आवाज बुलंद की।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मंशा, समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल की सहमति और प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के निर्देश पर जिला संगठन के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया।
प्रदेश सचिव रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि यूपीआई भुगतान पर अतिरिक्त शुल्क लगाने से छोटे और मध्यम व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ेंगी। पहले से सीमित मुनाफे पर कारोबार कर रहे किराना, कपड़ा, दवा और अन्य दुकानदारों पर इसका सीधा आर्थिक असर पड़ सकता है।
जिलाध्यक्ष सुधीर गुप्ता मिन्ना ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल और किफायती बनाए रखना जरूरी है। सरकार को व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं करनी चाहिए और प्रस्तावित शुल्क पर पुनर्विचार करना चाहिए।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद: जिला महासचिव अवनीश यादव, जिला उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष सोनू गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रप्रकाश गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी अनिल यादव, मोहित गुप्ता टिंकू, दिव्यांश गुप्ता, प्रियांशु यादव, पीयूष वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




