राज्यहरियाणाशिक्षा मंत्री ने जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण...

शिक्षा मंत्री ने जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में 16 शिकायतों की सुनवाई करते हुए 7 शिकायतों का किया समाधान

सोनीपत (राजेश आहूजा) हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल
ढांडा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन अपनी समस्याएं लेकर सरकारी कार्यालयों में विश्वास के साथ आते हैं, इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करते हुए उनकी समस्या का समाधान करवाना सुनिश्चित करना चाहिए। यदि भविष्य में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही के कारण शिकायत के समाधान में देरी की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुल 16 शिकायतों की सुनवाई की। इनमें से 7 शिकायतों का समाधान करवाया गया, जबकि 9 शिकायतों को लंबित रखते हुए संबंधित अधिकारियों को अगली बैठक तक आवश्यक कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल औपचारिक प्रक्रिया तक सीमित न रखें, बल्कि प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए ठोस कार्रवाई करें।
बैठक में सेक्टर-16 स्थित रंगोली बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेडके खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित शिकायत पर शिक्षा मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और पुलिस व जिला नगर योजनाकार को निर्देश दिए कि इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इसके अलावा उन्होंने तहसीलदार को भी निर्देश दिए कि इस सोसायटी से संबंधित रजिस्ट्ररी पर रोक लगाएं। उन्होंने कहा कि अगली बैठक तक उनके समक्ष पुरी रिपोर्ट प्रस्तुत करें कि उन्होंने क्या कार्रवाई की है।
जिला परिवाद एवं कष्टï निवारण समिति में खान कॉलोनी में अवैध कब्जों से संबंधित शिकायत पर भी शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने एचएसवीपी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यहां जो उनके विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे किए गए है उनपर कार्रवाई करने के लिए संबंधित को नोटिस जारी करें और उन अवैध कब्जों को तुरंत हटवाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे तथा नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में शास्त्री कॉलोनी निवासी सुदेश ने शिकयत दी कि उसने कुछ समय पहले एक मकान खरीदा जिसकी रजिस्ट्ररी भी उसके नाम हो चुकी है लेकिन पुराने मकान मालिक ने उस मकान का बिजली बिल काफी समय से नहीं भरा तो बिजली कनेक्शन अपने नाम करवाने में दिक्कत हो रही है। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए शिक्षा मंत्री ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिस व्यक्ति से इसने मकान खरीदा था उसे बुलाकर इस समस्या का अगले एक सप्ताह में समाधान करवाएं। इसके अलावा गांव गढ़ी बाला निवासी विशाल मोहन दहिया की जमीन से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने डीडीपीओ की ड्यूटी लगाते हुए इसका समाधान करवाने के निर्देश दिए।
शिक्षा मंत्री ने गांव पांची जाटान निवासी पवन सिंह की पैसे से संबंधित धोखाधड़ी की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस मामले में हुई एफआईआर में जिन लोगों के नाम है उन सभी को एरेस्ट करते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली, राई विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक निखिल मदान, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, डीसीपी सोनाक्षी सिंह, अतिरिक्त उपायक्त अजय चोपड़ा सहित संबंधित सभी अधिकारी व ग्रीवेंस के सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -