लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई (वेबवार्ता)। जिले में अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। मंगलवार को जनपद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने बिलग्राम तहसील के ग्राम इसरापुर स्थित राहत शिविर और राजघाट बाढ़ निगरानी चौकी का निरीक्षण किया। उन्होंने इसरापुर और परसोला के प्रभावित ग्रामीणों से संवाद कर राहत किट वितरित की।प्रभारी मंत्री ने इसरापुर में लगाए गए जनस्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित लोगों का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराने, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने तथा फसल और मकान क्षति का शीघ्र आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सण्डीला में विधायक पहुंचीं प्रभावित गांवों में
सण्डीला तहसील के ग्राम गोसवा डोंगा, सनई और ककराली में विधायक अलका अर्कवंशी तथा विधायक बालामऊ रामपाल वर्मा ने स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविरों में सहभागिता की। नायब तहसीलदार कोथावां और कछौना के नेतृत्व में राजस्व टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया तथा फसल और मकान क्षति का आकलन कराया।तहसीलदार सण्डीला ने जाहिदपुर और माकनखेड़ा में सई नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया और ग्रामीणों को संभावित बाढ़ के मद्देनजर सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
शाहाबाद में गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर पर निगरानी
शाहाबाद तहसील में एसडीएम ने गर्रा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गनुआपुर मंझा, किलकिली, सिगुलापुर और बारी गांवों का भ्रमण किया। प्रभावित क्षेत्रों में फसल और मकान क्षति का आकलन कराया जा रहा है।
मंगलीपुर, चक्कात बाहर, लालपुर, आंझी, नगला, बंदरहा, सरावर, लखनौर और सहसोगा में स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविर लगाए गए। ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं और जरूरत के अनुसार पशुओं का उपचार किया गया।
सदर तहसील में जलभराव की निकासी
सदर तहसील में तहसीलदार ने कौढ़ा गांव में जलभराव की स्थिति का जायजा लेकर आबादी से पानी की निकासी कराई। नायब तहसीलदार बावन ने राजबहादुर इंटरमीडिएट कॉलेज, लोनार में राहत शिविर की तैयारियों का निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार टड़ियावां ने वैष्णों नगर मजरा धियर महोलिया में जलभराव की निकासी कराई और स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए मकान व फसल क्षति का आकलन कराया।
बौसरा, लोकवापुर, बर्रासराय, सुगवा और मवैया समेत प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविर लगाए गए।
सवायजपुर में रामगंगा के जलस्तर पर प्रशासन की नजर
सवायजपुर तहसील में रामगंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एसडीएम ने ग्राम गोरिया का भ्रमण किया और ग्रामीणों को संभावित बाढ़ के प्रति सचेत किया। अतिवृष्टि और चक्रवात से हुई फसल व मकान क्षति का आकलन कराया जा रहा है। सिलवरी और खद्दीपुर समेत प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा शिविर लगाकर उपचार और दवा वितरण किया गया।
65 उपकेंद्र और 270 फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल
प्रशासन के अनुसार अतिवृष्टि और चक्रवात से प्रभावित 65 विद्युत उपकेंद्रों (33 केवी) और 270 फीडरों (11 केवी) की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। 378 क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों और 72 क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को पुनर्स्थापित अथवा मरम्मत कर आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। शेष क्षतिग्रस्त विद्युत पोलों को दुरुस्त करने की कार्रवाई जारी है।
9 घायल, चार उपचार के बाद घर लौटे
अतिवृष्टि और चक्रवात के कारण जिले में घायल हुए नौ लोगों में से चार का समुचित उपचार कराने के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया है। शेष पांच घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि फसल, मकान और अन्य क्षति के आकलन के लिए रोस्टरवार टीमें लगाई गई हैं। इन टीमों के माध्यम से क्षति का सर्वे कराकर नियमानुसार क्षतिपूर्ति और राहत कार्य सुनिश्चित कराया जा रहा है।




