दिल्ली से लखनऊ जा रही बस में सवार थे 41लोग,चालक-कंडक्टर जिला अस्पताल रेफर
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेब वार्ता) बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार तड़के गंगा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से लखनऊ जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार 41 लोगों में से 17 को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिलग्राम भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद यात्री अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। घायल बस चालक और कंडक्टर को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल हरदोई रेफर किया गया है।पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बस के पलटने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश यात्री अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। चालक और कंडक्टर को चोट अधिक होने के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति सामान्य है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि बस में कुल 41 लोग सवार थे। इनमें 17 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। सभी को सीएचसी बिलग्राम भेजा गया था। प्राथमिक उपचार के बाद यात्री अपने गंतव्य को रवाना हो गए, जबकि चालक और कंडक्टर को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सभी की स्थिति सामान्य है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित हैं।




