लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई। मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना कछौना पुलिस ने सोमवार को बीट भ्रमण कर महिलाओं, बालिकाओं और बुजुर्गों को सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। महिला कांस्टेबल पारुल एवं नीरज ने क्षेत्र में भ्रमण के दौरान महिलाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने 112, 1090, 181, 1076, 1098, 108, 102, 101 और 1930 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में बताया। साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी सचेत किया गया। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस टीम ने महिलाओं और बुजुर्गों से साइबर ठगी के मामलों में सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति से ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करने की अपील की।




