बिलग्राम के कोइलहा गांव में घरेलू विवाद के बीच वारदात, सीने में गोली लगने से महिला गंभीर; लखनऊ रेफर
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई/बिलग्राम, 21 सितंबर (वेब वार्ता)। सुबह की पहली आहट के साथ कोइलहा गांव में दिन की शुरुआत हो रही थी, तभी एक घर से चली गोली की आवाज ने पूरे गांव को दहला दिया। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में सोमवार तड़के पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने अचानक खूनी मोड़ ले लिया। आरोप है कि गंभीर यादव ने अपनी पत्नी साधना (करीब 35 वर्ष) को गोली मार दी। गोली लगने से साधना गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति गंभीर यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, साधना और गंभीर के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह विवाद के दौरान गोली चलने से साधना घायल हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। फिलहाल साधना का उपचार चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने के बाद बिलग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी पति गंभीर यादव को हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और गोली चलाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि 21 सितंबर को थाना बिलग्राम पर साधना पत्नी गंभीर यादव को उसके पति द्वारा गोली मारकर घायल किए जाने की सूचना मिली थी। घायल को परिजन जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
15 साल पहले हुई थी शादी, तीन बच्चों की मां है साधना
परिजनों के मुताबिक, गंभीर यादव और साधना की शादी करीब 15 वर्ष पहले सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव में हुई थी। दंपती के तीन बच्चे हैं। इनमें 14 वर्षीय काजल, 11 वर्षीय रौनक और चार वर्षीय रूही शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस की पूछताछ में घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आने का इंतजार है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई प्रचलित है।




