राज्यउत्तर प्रदेशकछौना में गणेश महोत्सव में नौनिहालों ने बिखेरा...

कछौना में गणेश महोत्सव में नौनिहालों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग, विधायक रामपाल वर्मा ने किया सम्मानित

लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई, 19 सितम्बर। वेबवार्ता
कछौना कस्बे में आयोजित 15वें भव्य श्री गणेश महोत्सव के अंतर्गत बाल उत्सव कार्यक्रम में नन्हे कलाकारों ने गीत, संगीत, नृत्य, नाटक और फैशन शो की रंगारंग प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक रामपाल वर्मा एवं निवर्तमान अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने श्री गणेश प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शारदे मां एवं श्री गणेश की प्रस्तुति के साथ बाल उत्सव का आगाज हुआ। गणपति वंदना की प्रस्तुति से पूरा वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
इसके बाद बच्चों ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां देकर मंच पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा। अविरल एवं शिवाय ग्रुप की ‘माई नेम इज लखन’ प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। ‘इंडिया वाले’ गीत पर बच्चों ने देशभक्ति का जोश भर दिया। ‘राधा तेरी चुनरी’ फैशन शो में नौनिहालों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
‘डोला रे डोला’ पर बच्चों की नृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया। इंडियन आर्मी एक्ट, झूमर डांस और नैतिक ग्रुप की ‘छोटे मियां बड़े मियां’ प्रस्तुति को भी दर्शकों की खूब सराहना मिली।
नन्हे कलाकारों की प्रतिभा देखकर दर्शक उत्साह से भर उठे। सफल प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन युवा क्रांतिवीर सिंह उर्फ रैना एंकर ने प्रभावी ढंग से किया।
मुख्य अतिथि विधायक रामपाल वर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और उसे निखारने का मंच प्रदान करते हैं। आज के यही नौनिहाल आगे चलकर अपनी प्रतिभा के बल पर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
नगर अध्यक्ष राधारमण शुक्ला ने कहा कि मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे यही बच्चे भविष्य में कछौना क्षेत्र के विकास की नई इबारत लिखेंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, राजनीति, इंजीनियरिंग, सेना तथा गीत-संगीत सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर वे देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में श्री सोमेश्वर महादेव सेवादार समिति के पदाधिकारियों के अलावा प्रधानगण, प्रबुद्धजन, व्यापारी बंधु, संरक्षक, शिक्षकगण, सभासदगण, राजनीतिक पदाधिकारी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित बड़ी संख्या में नगरवासी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर बाल उत्सव को सफल बनाया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -