प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा के सम्मान में जिलेभर में आयोजन, मंत्री नितिन अग्रवाल ने राजा टोडरमल संस्थान में किया दीप प्रज्वलन
लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई 17 सितम्बर (वेबवार्ता) रोशनी की कतारें, एक साथ जगमगाते हजारों दीप और सेवा के संकल्प का संदेश—गुरुवार को हरदोई कुछ इसी तस्वीर में नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की अविरल जनसेवा के सम्मान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम ने पूरे जनपद को दीपों की रोशनी से जोड़ दिया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक प्रमुख स्थलों, सरकारी भवनों और लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्य आयोजन राजा टोडरमल भूलेख प्रशिक्षण संस्थान में हुआ, जहां राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। खाद्य विपणन, शिक्षा और राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयासों से यहां 5100 दीप सजाए गए। दीपों की रोशनी ने परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया और बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।इस मौके पर जिलाधिकारी अनुनय झा, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र ‘मधुर’, जिला खाद्य विपणन अधिकारी निहारिका सिंह समेत अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।एक्सप्रेसवे से रेलवे स्टेशन तक रोशनी‘आशीर्वाद का दिया’ केवल मुख्य आयोजन तक सीमित नहीं रहा। जनपद के महत्वपूर्ण स्थलों, ऐतिहासिक स्थलों, सरकारी एवं सार्वजनिक भवनों और गौ आश्रय स्थलों को भी दीपों से रोशन किया गया। गंगा एक्सप्रेसवे के रूपापुर, बिलग्राम और मल्लावां कट, मेडिकल कॉलेज गौराडांडा, हरदोई रेलवे स्टेशन, अमृत सरोवर सधई बेहटा व नयागांव, वल्लीपुर टोल प्लाजा, एनएच-731, इंडस्ट्रियल एरिया कॉरिडोर संडीला और शाहाबाद बस स्टैंड समेत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम हुए।
अभियान की खास बात यह रही कि सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के घरों में भी ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्वलित कराया गया। इसके जरिए विकास योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों और आमजन को भी कार्यक्रम की कड़ी में शामिल किया गया।
जिलेभर में हुए आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। दीपों की यह श्रृंखला केवल सरकारी परिसरों तक नहीं रुकी, बल्कि सार्वजनिक स्थलों और आम लोगों के घरों तक पहुंची। हरदोई में दिनभर चले आयोजनों ने ‘सेवा संकल्प’ अभियान को जनभागीदारी के व्यापक स्वरूप में सामने रखा।




