लक्ष्मीकान्त पाठक
हरदोई( वेबवार्ता) सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को हरदोई के श्रीश चंद्र बारात घर में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आबकारी एवं मद्यनिषेध नितिन अग्रवाल ने 50 दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, सामान्य ट्राइसाइकिल सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उपकरण मिलते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। इस दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, आवास की चाबियां और अन्त्योदय राशन कार्ड प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नितिन अग्रवाल और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्योग विभाग की ओर से 10 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई। दिव्यांगजन पेंशन योजना के तहत 10 नए लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। मुख्यमंत्री आवास योजना के पांच लाभार्थियों को आवास की चाबी और 15 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने 10 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी प्रमाण पत्र वितरित किए। जिला प्रोबेशन विभाग की मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं स्पॉन्सरशिप योजना के पांच लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र अथवा प्रमाण पत्र मिले। वहीं जिला पूर्ति विभाग की ओर से पांच पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड वितरित किए गए।
दिव्यांगजनों से संवाद कर जानी जरूरतें
सहायक उपकरण वितरण के बाद नितिन अग्रवाल ने दिव्यांग लाभार्थियों से संवाद किया और उनके अनुभवों तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें अधिक स्वतंत्र, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग दिया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर राज्यमंत्री ने सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों के साथ सामूहिक छायाचित्र कराया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय निगम, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष मिश्रा ने किया।
रक्तदान कर सेवा का संकल्प
इससे पूर्व राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल ने स्वशासी चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक रक्तदान कर सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर आरआई यशवंत प्रताप सिंह सहित चिकित्सा विभाग की टीम मौजूद रही।




