
लक्ष्मीकान्त पाठक। वेबवार्ता
हरदोई। जिस क्रांतिकारी की कहानी हरदोई की गलियों और अभिलेखों तक सिमटी रही, उसकी गूंज अब सात समंदर पार लॉस एंजेलिस में सुनाई दे रही है। शहीद जयदेव कपूर के संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर तैयार वीडियो एल्बम “जयदेव कपूर–ए हिडन फ्रीडम फाइटर” ने कोलकाता के बाद अमेरिका में दस्तक देकर इतिहास के उस अनसुने अध्याय को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा दिया है, जिसे नई पीढ़ी से रूबरू कराने की मुहिम हरदोई से शुरू हुई थी। एल्बम का न्यूवेव एआई फिल्म फेस्टिवल 2026, लॉस एंजेलिस में शामिल होना हरदोई की ऐतिहासिक विरासत के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले “जयदेव कपूर–ए हिडन फ्रीडम फाइटर” को 5वें इंटरनेशनल टैगोर फिल्म अवॉर्ड्स 2026, कोलकाता के लिए ऑफिशियल सेलेक्शन मिल चुका है। जारी प्रमाणपत्र में एल्बम को अक्टूबर 2026 में कोलकाता में प्रस्तावित समारोह के लिए चयनित बताया गया है। कोलकाता के बाद लॉस एंजेलिस तक पहुंची यह यात्रा अब उस कहानी को दुनिया के उन मंचों तक ले जा रही है, जहां सिनेमा, तकनीक और इतिहास एक साथ संवाद करते हैं।
इतिहास के दबे पन्नों से अंतरराष्ट्रीय स्क्रीन तक
जयदेव कपूर की कहानी को सामने लाने की इस मुहिम की जड़ें रेडियो जागो 90.4 एफएम, हरदोई की अभिरक्षा में मौजूद उनके लिखित अभिलेखों से जुड़ी हैं। इन अभिलेखों में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भगत सिंह और उनके साथी क्रांतिकारियों के योगदान तथा उससे जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों की जानकारी मौजूद है।
“जयदेव कपूर की जुबानी उनकी कहानी” के माध्यम से रेडियो जागो इन ऐतिहासिक प्रसंगों को प्रसारित कर आजादी के पीछे छिपे उन अनसुने और महत्वपूर्ण किस्सों को सामने लाने का प्रयास कर रहा है, जो समय के साथ आम स्मृति से दूर होते गए।
वरिष्ठ अधिवक्ता अभय शंकर गौड़ के नेतृत्व में इस ऐतिहासिक विरासत को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी पहल से प्रेरित होकर जयदेव कपूर के जीवन और संघर्ष को वीडियो एल्बम का रूप दिया गया। आधुनिक एआई और सिनेमाई तकनीक के जरिए तैयार यह प्रस्तुति इतिहास को नई पीढ़ी की भाषा में सामने रखने का प्रयास है।
हॉलीवुड की धरती पर हरदोई की कहानी
न्यूवेव एआई फिल्म फेस्टिवल 2026 से संबंधित पोस्टर में लॉस एंजेलिस में हॉलीवुड एवं टेक इंडस्ट्री पैनल, एआई फिल्म निर्माण और चयनित शीर्ष एआई फिल्मों की स्क्रीनिंग जैसे कार्यक्रमों का उल्लेख है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच से “जयदेव कपूर” का जुड़ना इस मायने में भी महत्वपूर्ण है कि हरदोई के एक कम चर्चित क्रांतिकारी की कहानी अब आधुनिक तकनीक के माध्यम से वैश्विक दर्शकों के सामने पहुंच रही है।एल्बम का निर्माण जी म्यूजिक हरदोई के बैनर तले किया गया है। गौरव रमेश अग्रवाल निर्माता, प्रियांश अग्रवाल निर्देशक, अमन सिंह गायक और संकेत तिवारी संगीतकार के रूप में जुड़े हैं।
19 सितंबर को शहीद दिवस पर होगा विमोचन
अब इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के बीच 19 सितंबर को शहीद जयदेव कपूर के शहीद दिवस पर वीडियो एल्बम का औपचारिक विमोचन किया जाएगा। रेडियो जागो 90.4 एफएम स्टूडियो में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में एल्बम को लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे शुरू होगा।
जी म्यूजिक हरदोई के निर्माता गौरव अग्रवाल ने लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर महान क्रांतिकारी को श्रद्धासुमन अर्पित करने की अपील की है।
जयदेव कपूर की यह कहानी अब केवल अतीत का स्मरण नहीं रह गई है। अभिलेखों में सुरक्षित इतिहास से निकली यह आवाज पहले हरदोई में गूंजी, फिर कोलकाता पहुंची और अब लॉस एंजेलिस के अंतरराष्ट्रीय मंच तक जा पहुंची है। 19 सितंबर को जब शहीद दिवस पर यह एल्बम जारी होगा, तब हरदोई अपने उस क्रांतिकारी को एक बार फिर याद करेगा, जिसकी कहानी को दुनिया तक पहुंचाने की कोशिश अब नई उड़ान भर चुकी है।