सोनीपत, 21 जुलाई (वेब वार्ता)। पंजाब और हरियाणा के किसान संगठनों द्वारा दिल्ली कूच के आह्वान के मद्देनजर मंगलवार को सोनीपत जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने हल्दाना बॉर्डर से लेकर भिगान टोल प्लाजा और कुंडली बॉर्डर तक व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर प्रत्येक छोटे और बड़े वाहन की सघन जांच की जा रही है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में किसान संगठनों ने दिल्ली कूच का आह्वान किया है। इसे देखते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के निर्देश पर जांच के बिना किसी भी वाहन को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भिगान क्षेत्र में सड़क किनारे अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी किए गए हैं। पुलिस लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही है और सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है।
पुलिस को आशंका है कि गन्नौर और गोहाना क्षेत्र से भी किसान समूहों के रूप में दिल्ली की ओर प्रस्थान कर सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए इन इलाकों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का कहना है कि इन सुरक्षा उपायों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकना तथा आम नागरिकों की आवाजाही को सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखना है। वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यकतानुसार सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।




