नई दिल्ली, 17 जून (वेब वार्ता)। मयूर विहार भाजपा के उपाध्यक्ष अधिवक्ता मोहित शर्मा ने विश्वस्तरीय कन्वेंशन केंद्र भारत मंडपम का दौरा कर इसे विकसित भारत की नई सोच, आधुनिक दृष्टि और राष्ट्रीय आत्मविश्वास का प्रतीक बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनका प्रभाव आज देश के प्रत्येक क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
अधिवक्ता मोहित शर्मा ने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और तेजी से प्रगति करने वाले राष्ट्र के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि आधारभूत संरचना के विस्तार, डिजिटल सेवाओं के व्यापक प्रसार और जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन ने देश के विकास को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, तकनीकी नवाचार तथा नागरिक सेवाओं में पारदर्शिता ने जनविश्वास को मजबूत किया है।
भारत मंडपम की भव्यता और आधुनिक सुविधाओं का उल्लेख करते हुए मोहित शर्मा ने कहा कि यह केवल एक सम्मेलन केंद्र नहीं, बल्कि नए भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। यहां की आधुनिक संरचना, उन्नत सुविधाएं और अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं देश की प्रगति और दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाती हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्षों की यह यात्रा देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हुई है। भारत मंडपम जैसे आधुनिक संस्थान इस बात का प्रमाण हैं कि भारत अब केवल विकास की राह पर नहीं, बल्कि विश्व नेतृत्व की दिशा में भी मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
मोहित शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के निर्माण का संकल्प आने वाले वर्षों में और अधिक सशक्त होगा तथा देश विकास, नवाचार और जनकल्याण के नए मानक स्थापित करेगा।




