भागलपुर, 12 जून (प्रबीन कुमार)। विक्रमशिला सेतु की संरचनात्मक स्थिति को लेकर विभिन्न मीडिया माध्यमों में प्रकाशित समाचारों के बीच बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि सेतु पर हल्के वाहनों का परिचालन पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से जारी रहेगा। विशेषज्ञों द्वारा किए गए संयुक्त निरीक्षण में सेतु की स्थिति पूर्ववत पाई गई है और किसी प्रकार की नई तकनीकी चिंता सामने नहीं आई है।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल, भागलपुर की ओर से जारी स्पष्टीकरण में बताया गया कि तीन मई की मध्यरात्रि को विक्रमशिला सेतु के पी-2 और पी-3 स्पैन के बीच 34 मीटर लंबा सस्पेंडेड भाग क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद विभागीय निर्देशानुसार सीमा सड़क संगठन के सहयोग से क्षतिग्रस्त हिस्से पर बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया। यह निर्णय आईआईटी पटना द्वारा प्रस्तुत प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन के आधार पर लिया गया था।
निगम के अनुसार वी-5 से पी-1, पी-1 से पी-2, पी-2 से पी-3 तथा पी-3 से पी-4 स्पैन पर कुल चार बेली ब्रिज स्थापित किए गए। निर्माण कार्य के दौरान दृश्य निरीक्षण के आधार पर बैलेंस्ड कैंटिलीवर स्पैन के एक्सपेंशन जॉइंट में उत्पन्न गैप की माप की गई थी। उस समय भागलपुर की ओर यह गैप औसतन 90 से 100 मिलीमीटर तथा नवगछिया की ओर 40 से 50 मिलीमीटर पाया गया था।
दस जून को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों में एक्सपेंशन जॉइंट के बीच गैप बढ़ने संबंधी समाचार प्रकाशित होने के बाद सेतु का पुनः निरीक्षण कराया गया। ड्रोन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के माध्यम से संरचना की स्थिति का आकलन किया गया। इसके बाद 11 जून को आईआईटी पटना की विशेषज्ञ टीम तथा बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, पटना के उपमुख्य अभियंता ने संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सेतु के अंदर और बाहर स्थित एक्सपेंशन जॉइंट की दोबारा माप की गई। जांच में भागलपुर की ओर औसतन 90 से 100 मिलीमीटर तथा नवगछिया की ओर 40 से 50 मिलीमीटर गैप दर्ज किया गया, जो पूर्व में दर्ज आंकड़ों के अनुरूप पाया गया। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया कि गैप में किसी प्रकार की अतिरिक्त वृद्धि नहीं हुई है।
आईआईटी पटना और निगम मुख्यालय की संयुक्त समीक्षा के बाद हल्के वाहनों के परिचालन को सुरक्षित और निर्बाध रूप से जारी रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट खबरों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने कहा है कि विक्रमशिला सेतु की लगातार निगरानी की जा रही है तथा विशेषज्ञों की सलाह के अनुरूप आवश्यक तकनीकी उपाय किए जा रहे हैं। फिलहाल सेतु पर हल्के वाहनों का आवागमन पूर्ववत सामान्य रूप से जारी रहेगा।




