राज्यअन्य राज्यखाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रक से...

खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 9 घायल

जयपुर, 04 जून (वेब वार्ता)। जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि टेम्पो क्रूजर के परखच्चे उड़ गए और वाहन सड़क किनारे स्थित एक होटल-रेस्टोरेंट में जा घुसा।

पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब सात बजे चौमूं क्षेत्र में स्टेडियम के पास ब्यावरिया कट के निकट हुआ। महाराष्ट्र से श्रद्धालुओं को लेकर खाटूश्यामजी जा रही टेम्पो क्रूजर आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने होटल में जा घुसा, जिससे वहां खड़ी एक अन्य कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।

चौमूं थाना पुलिस के अनुसार टेम्पो क्रूजर में सवार सभी यात्री महाराष्ट्र के परभणी जिले के निवासी थे और खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए राजस्थान आ रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आगे चल रहे ट्रक ने अचानक बाईं ओर मुड़ने का प्रयास किया, जिसके कारण पीछे आ रही टेम्पो क्रूजर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे ट्रक से जा टकराया।

हादसे में शालू बाई (75), मेघा (40) और आदेश (18) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। तीनों मृतक महाराष्ट्र के परभणी जिले के गंगाखेड़ क्षेत्र स्थित हरंगुल गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने शवों को चौमूं के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

दुर्घटना में गीता देवधर, गायत्री देवधर, खुशी जावड़े, अंकिता, रितेश, ऋषिकेश, शकुंतला, सुनीता और यशोदा घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को भी सामान्य कराया गया।

चौमूं थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रक और टेम्पो क्रूजर दोनों जयपुर से सीकर की ओर जा रहे थे। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

इस बीच राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भी घायलों का हालचाल जानने के लिए चौमूं स्थित अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राज्यपाल ने अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के अचानक दिशा बदलने को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -