गोमती एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खामी, भरथना स्टेशन पर दो घंटे रुकी ट्रेन

इटावा, 1 जून (वेब वार्ता)। लखनऊ से नई दिल्ली जा रही गोमती एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खामी आने से सोमवार सुबह भरथना रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंजन में खराबी के कारण ट्रेन करीब दो घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। बाद में दूसरे इंजन की सहायता से ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार गोमती एक्सप्रेस सोमवार सुबह लगभग 9:27 बजे भरथना रेलवे स्टेशन की अप मेन लाइन पर पहुंची थी। इसी दौरान इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। सूचना मिलते ही रेल प्रशासन की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और इंजन को दुरुस्त करने का प्रयास शुरू किया।

काफी प्रयास के बावजूद तकनीकी टीम इंजन की खराबी दूर करने में सफल नहीं हो सकी। इसके बाद रेल प्रशासन ने खराब इंजन को हटाने की प्रक्रिया शुरू की और समीपवर्ती रेलवे स्टेशन से दूसरा इंजन मंगाया गया। नया इंजन पहुंचने के बाद ट्रेन को करीब 11:34 बजे गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

इस दौरान गोमती एक्सप्रेस के अप मेन लाइन पर खड़े रहने से पीछे आने वाली ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा। रेल प्रशासन ने अन्य ट्रेनों की आवाजाही बनाए रखने के लिए उन्हें लूप लाइन से गुजरवाया।

करीब पौने दो घंटे से अधिक समय तक ट्रेन रुकी रहने से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों ने बताया कि लंबे समय तक ट्रेन के खड़े रहने से उनकी यात्रा प्रभावित हुई। कुछ यात्री लखनऊ से इटावा जा रहे थे, जबकि कई यात्री दिल्ली के लिए यात्रा कर रहे थे। ट्रेन के विलंब से उन्हें समय पर गंतव्य तक पहुंचने को लेकर चिंता बनी रही।

रेल प्रशासन की ओर से तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -