गोपालगंज, 1 जून (वेब वार्ता)। बिहार के गोपालगंज जिले में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो घनिष्ठ दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। श्रीपुर थाना क्षेत्र के बैरागी टोला रानी पोखर चारमुहानी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर ने दो परिवारों की खुशियां पल भर में उजाड़ दीं।
मृतकों की पहचान कपूर चक गांव निवासी रामदेव सिंह के 18 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार और बलभद्र परसा गांव निवासी लक्ष्मण सिंह के 18 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों युवक गहरे मित्र थे और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मिश्र बतरहा बाजार से घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रहे थे।
बताया गया है कि बैरागी टोला चारमुहानी के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में दूसरी बाइक पर सवार सीवान जिले के आंदर थाना क्षेत्र निवासी 38 वर्षीय नंदन कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीपुर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को तत्काल फुलवरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोपालगंज सदर अस्पताल भेजा गया।
सदर अस्पताल में भी हालत में सुधार नहीं होने पर सोनू कुमार और प्रकाश कुमार सिंह को गोरखपुर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि उत्तर प्रदेश के कसया क्षेत्र के पास पहुंचने से पहले ही दोनों युवकों ने रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों दोस्तों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
यह हादसा दो परिवारों के लिए गहरा आघात बनकर सामने आया है। सोनू कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और बताया जा रहा है कि वह एक दिन पहले ही गुजरात से घर लौटा था। उसकी मौत से परिवार का एकमात्र सहारा छिन गया। वहीं प्रकाश कुमार सिंह मिश्र बतरहा उच्च विद्यालय में दसवीं कक्षा का छात्र था और छह भाइयों में चौथे स्थान पर था। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। लोगों का मानना है कि यदि सुरक्षा उपकरण का उपयोग किया गया होता तो सिर पर गंभीर चोटों से बचाव संभव हो सकता था।
पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।




