कुंभा, 23 मई (वेब वार्ता)। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना में हिसार के गांव कुंभा में 80 वर्षीय बरखा राम की कथित रूप से डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप मृतक के पोते अंकित पर लगा है। पुलिस ने मृतक की बेटी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे जमीन और मकान को लेकर चल रहा विवाद सामने आया है।
घटना वीरवार देर रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल बरखा राम को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण अस्पताल तथा गांव पहुंचे। बताया गया कि बरखा राम अधिकतर समय अपनी बेटियों के पास रहते थे और लगभग 15 दिन पहले ही गांव लौटे थे।
पुलिस को दी शिकायत में हिसार के सेक्टर-1 निवासी कमलेश ने बताया कि उनके परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं तथा तीनों बहनों का विवाह हिसार में हुआ है। उनके पिता बरखा राम गांव में अपने बेटे रामफल के साथ रहते थे। वीरवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि अंकित ने बरखा राम को चोट पहुंचाई है और उन्हें उपचार के लिए हांसी ले जाया गया है।
कमलेश ने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह अपनी बहन चंद्रपति के साथ हिसार से कुंभा पहुंचीं। गांव में पहुंचने पर आसपास के लोगों ने बताया कि अंकित ने डंडों से हमला कर बरखा राम की हत्या कर दी। शिकायत में यह भी कहा गया कि बरखा राम पहले से ही परिवार के भीतर चल रहे विवाद और प्रताड़ना को लेकर चिंतित थे।
परिजनों के अनुसार अंकित मकान अपने नाम करवाने के लिए बरखा राम पर लगातार दबाव बना रहा था। आरोप है कि उन्हें समय पर भोजन नहीं दिया जाता था और अक्सर घर से निकालने की धमकी दी जाती थी। इसी विवाद को लेकर परिवार में कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।
मृतक के परिजन ओमप्रकाश ने बताया कि बरखा राम को दैनिक कार्य करने से भी रोका जाता था और उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। जमीन विवाद को लेकर दादा, पोते, बेटे और पुत्रवधू के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद अंकित ने कथित रूप से हमला कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बरखा राम के साथ परिवार के कुछ सदस्य अक्सर मारपीट करते थे और उनकी देखभाल भी ठीक ढंग से नहीं की जाती थी। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में बरखा राम के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनीं।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सदानंद ने बताया कि घायल अवस्था में बरखा राम को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने अंकित पुत्र रामफल के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।




