रायपुर, 23 मई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से तेज धूप और लू की चपेट में हैं। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों में गर्म हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। अगले कुछ दिनों तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
प्रदेश में सुबह 10 बजे से ही तेज धूप का असर महसूस होने लगता है, जबकि दोपहर तक गर्म हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि शाम ढलने के बाद भी गर्मी का असर बना रहता है और रात में उमस लोगों को राहत नहीं लेने दे रही। लगातार बढ़ती तपिश का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और अगले तीन दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। बस्तर संभाग में 26 मई से वर्षा संबंधी गतिविधियां शुरू होने के संकेत हैं, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में 29 मई के बाद मौसम में बदलाव संभव है।
राजधानी रायपुर में शनिवार को भी आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को दुर्ग और बिलासपुर प्रदेश के सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहे, जहां तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में भी पारा सामान्य से काफी अधिक बना रहा।
भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई गई है।




