रायपुर, 21 मई (वेब वार्ता)। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क पर गिरे पैसे उठाने के लिए रुके एक युवक को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक किसी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान उसके कुछ रुपए सड़क पर गिर गए। युवक ने एक्सप्रेस-वे किनारे अपना वाहन रोका और नीचे उतरकर पैसे उठाने लगा। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट दूर जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सहायता के लिए डायल-112 पर सूचना दी।
हालांकि, स्थानीय नागरिकों ने पुलिस सहायता पहुंचने में देरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सूचना दिए जाने के लगभग 18 मिनट बाद सहायता वाहन मौके पर पहुंचा, तब तक घायल युवक सड़क पर दर्द से तड़पता रहा। लोगों ने समय पर राहत और प्राथमिक उपचार उपलब्ध न होने पर नाराजगी जताई।
घटना के बाद देवेंद्र नगर एक्सप्रेस-वे की अव्यवस्थाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से कई स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं रहती और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया, वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई और दुर्घटनाग्रस्त कार को हटवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




