ठाणे, 19 मई (वेब वार्ता)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शुक्रवार तड़के भाजपा सांसद हेमंत सावरा की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना घोड़बंदर रोड पर उस समय हुई, जब सांसद की कार गुजरात की ओर जा रही थी। हादसे में सांसद सुरक्षित रहे, जबकि कार चालक को हल्की चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, सामने से आ रहे एक डंपर से कार की टक्कर हो गई। टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि वाहन में लगे सुरक्षा एयरबैग समय रहते खुल गए, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया और कार में सवार लोगों की जान बच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नायगांव पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं सहायता कार्य शुरू किया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि सांसद हेमंत सावरा को किसी प्रकार की चोट नहीं आई।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टक्कर सामने से आ रहे डंपर से हुई, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
इस बीच हादसे के बाद की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें क्षतिग्रस्त कार के साथ सांसद हेमंत सावरा दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




