खेलआईपीएल 2026कोलकाता और गुजरात के मैच में बना टी20...

कोलकाता और गुजरात के मैच में बना टी20 इतिहास, 6 बल्लेबाजों ने जड़े पचास से ज्यादा रन

कोलकाता, 17 मई (वेब वार्ता)। कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच शनिवार को खेला गया मुकाबला टी20 क्रिकेट के इतिहास में दर्ज हो गया। ईडन गार्डन्स मैदान पर खेले गए इस रोमांचक मैच में कुल छह बल्लेबाजों ने पचास से अधिक रन बनाए, जो टी20 इतिहास में पहली बार देखने को मिला। इस मुकाबले में कोलकाता ने गुजरात को 29 रन से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा।

कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हालांकि गुजरात के खिलाड़ियों ने कई आसान कैच छोड़े, जिसका खामियाजा टीम को भारी पड़ा।

कोलकाता के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में 93 रन बनाए। उनकी पारी में 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। फिन एलन का कैच उस समय छूटा था जब वह 33 रन पर खेल रहे थे।

अंगक्रिश रघुवंशी ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 82 रन बनाए। उनका आसान कैच 52 रन के स्कोर पर छूटा था, जिसके बाद उन्होंने तेजी से रन बटोरे। वहीं कैमरून ग्रीन ने भी 52 रन की अहम पारी खेली। उनका कैच भी शुरुआती चरण में छूट गया था।

गुजरात के बल्लेबाजों ने भी किया जोरदार जवाब

248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। साईं सुदर्शन ने 53 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 85 रन की बेहतरीन पारी खेली। इसके अलावा जोस बटलर ने 57 रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा।

इस मैच में दोनों टीमों के कुल छह बल्लेबाजों ने पचास से अधिक रन बनाए, जो टी20 क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ है। इससे पहले किसी भी टी20 मुकाबले में इतने बल्लेबाजों ने अर्धशतक नहीं लगाए थे।

जिम्बाब्वे के नाम है एक पारी में सबसे ज्यादा पचास प्लस स्कोर का रिकॉर्ड

टी20 क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा पचास से अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों का रिकॉर्ड जिम्बाब्वे राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के नाम दर्ज है। जिम्बाब्वे ने वर्ष 2024 में गाम्बिया के खिलाफ 344 रन का ऐतिहासिक स्कोर बनाया था, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर भी है।

उस मुकाबले में जिम्बाब्वे के चार बल्लेबाजों ने पचास से ज्यादा रन बनाए थे। कप्तान सिकंदर रजा ने 43 गेंदों में नाबाद 133 रन की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें 15 छक्के और 7 चौके शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -
- Advertisement -