नई दिल्ली, 16 मई (वेब वार्ता)। दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा और अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि अगले 24 घंटों के लिए किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन तेज धूप और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 मई को दिल्ली-एनसीआर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहने का अनुमान है। आर्द्रता 45 से 30 प्रतिशत के बीच रहने से दिन में गर्मी अधिक महसूस होगी।
17 मई को तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग का कहना है कि 18 मई सबसे अधिक गर्म दिन साबित हो सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आर्द्रता का स्तर 50 से 35 प्रतिशत रहने की संभावना है, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। इसके साथ ही दिन में तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे लू का असर और बढ़ जाएगा।
19 मई को भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। इस दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं 20 और 21 मई को भी तापमान 41 डिग्री के आसपास बना रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हाल के दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के चलते दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी, हल्की बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली थी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हुई थी। लेकिन अब चक्रवाती प्रभाव कमजोर पड़ने और आसमान साफ होने के कारण एक बार फिर गर्मी तेजी से बढ़ने लगी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि मई के दूसरे पखवाड़े में दिल्ली-एनसीआर में लू का प्रभाव और तेज हो सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।




