सोनीपत, 16 मई (राजेश आहूजा)। खरखौदा कोर्ट परिसर शनिवार को गोलियों की आवाज से दहल उठा, जब पेशी पर आए एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। अदालत परिसर में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद वहां अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान झज्जर जिले के गांव दूबलधन हाल सेक्टर-37सी गाड़ौली खुर्द गुरुग्राम निवासी नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है। नीरज की शादी सोनीपत जिले के गांव किढ़ोली निवासी नीतू के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
जानकारी के अनुसार नीतू ने फरवरी 2019 में नीरज के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था। यही मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन था। शनिवार को नीरज इसी मामले में पेशी भुगतने के लिए खरखौदा कोर्ट पहुंचे थे।
बताया गया है कि अदालत में पेशी के बाद जैसे ही नीरज कोर्ट परिसर से बाहर निकले और पास स्थित लघु सचिवालय के गेट के समीप पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नीरज को चार से पांच गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। वारदात के समय नीरज के कुछ साथी भी उनके साथ मौजूद थे, जिन्होंने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि हमलावर ब्रेजा कार में सवार होकर आए थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज गति से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी जोगिंद्र शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। वहीं अदालत परिसर में दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




