हरदोई: शादी में खुला व्हाट्सएप वाले प्यार का सच, युवती ने दूल्हे को पहचानने से किया इंकार

- Advertisement -

हरदोई, 13 मई (लक्ष्मीकांत पाठक)। शाहाबाद कस्बे में एक शादी उस समय सनसनीखेज विवाद में बदल गई, जब मंडप में बैठी युवती ने दूल्हे को पहचानने से ही इंकार कर दिया। मध्य प्रदेश के भोपाल से आई बारात पर अब फर्जी पहचान और धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लग रहे हैं। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब 25 वर्षीय युवती की लंबे समय से मोबाइल और व्हाट्सएप के माध्यम से “राहुल” नामक युवक से बातचीत हो रही थी। युवक स्वयं को भोपाल निवासी बताता था। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद परिवारों की सहमति से विवाह तय कर दिया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार सोमवार रात बारात शाहाबाद पहुंची और विवाह की रस्में शुरू हुईं।

बताया गया कि मंडप में बैठने के बाद युवती अचानक भड़क उठी और उसने दूल्हे को पहचानने से साफ इंकार कर दिया। युवती का कहना था कि जिससे उसकी बात होती थी, यह वह व्यक्ति नहीं है। वहीं दूल्हे ने अपना नाम “देवेंद्र” बताया और कहा कि वह किसी राहुल नाम के व्यक्ति को नहीं जानता। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई और शादी समारोह तनावपूर्ण माहौल में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले में नौ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शाहाबाद सर्किल आलोक राज नारायण ने बताया कि, “12/13 मई 2026 की रात थाना शाहाबाद पर सूचना प्राप्त हुई थी कि एक युवती की बातचीत भोपाल निवासी राहुल नामक युवक से होती थी। दोनों परिवारों के बीच विवाह तय हुआ था, लेकिन बारात आने पर युवती ने दूल्हे को पहचानने से इंकार कर दिया। दूल्हे ने अपना नाम देवेंद्र बताया और राहुल नाम के किसी व्यक्ति को जानने से मना किया। शिकायत के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।” शाहाबाद की यह घटना अब केवल एक पारिवारिक विवाद नहीं रह गई है, बल्कि सोशल मीडिया और आभासी पहचान के दौर में रिश्तों की सच्चाई और भरोसे पर भी बड़े सवाल खड़े कर रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -

More articles

- Advertisement -