रोहतक, 13 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रभाव वाले सांपला में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए नगर पालिका चेयरमैन पद पर कब्जा कर लिया है। भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच ने निर्दलीय उम्मीदवार अंकित ओहल्याण को 687 मतों से हराकर जीत हासिल की। परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।
सांपला नगर पालिका चुनाव को भाजपा ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया था। पार्टी ने पूर्व कांग्रेसी नेता प्रवीण कोच को टिकट देकर मैदान में उतारा था। चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री नायब सैनी, भाजपा के कई मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी सांपला पहुंचे और पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार किया।
दूसरी ओर कांग्रेस सहित अधिकांश विपक्षी दल चुनाव से दूर रहे। निर्दलीय उम्मीदवार अंकित ओहल्याण, सुधीर ओहल्याण और भाजपा टिकट नहीं मिलने से नाराज पत्रकार अनिल शर्मा ने अपने दम पर चुनाव प्रचार किया। भाजपा विरोधी मतों के बिखराव को प्रवीण कोच की जीत का बड़ा कारण माना जा रहा है।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10 मई को मतदान कराया गया। कुल 15 हजार 624 मतदाताओं में से 12 हजार 372 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
चेयरमैन पद के चुनाव परिणाम में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच को 4391 वोट मिले, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार अंकित ओहल्याण को 3704 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी सुधीर ओहल्याण को 1984 वोट मिले। पत्रकार अनिल शर्मा चौथे स्थान पर रहे और उन्हें 1081 वोट प्राप्त हुए।
अन्य उम्मीदवारों में विकास को 482, राकेश कुमार को 335, मंजीत को 222, अंकित पुत्र साहिब सिंह को 80, रामनिवास को 41 और नोटा को 35 वोट मिले। वहीं सुनील कुमार को 17 मत प्राप्त हुए।
भाजपा की इस जीत को सांपला क्षेत्र में पार्टी के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है। वहीं राजनीतिक जानकार इसे विपक्ष की निष्क्रियता और वोटों के बंटवारे का परिणाम भी मान रहे हैं।




