रायपुर, 13 मई (वेब वार्ता)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। टिकरापारा इलाके में बदमाशों ने एक युवक को जबरन उठाकर एटीएम तक ले जाकर उसके खाते से नकदी निकलवा ली। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़ित युवक की पहचान कुशालपुर निवासी विशाल सोनकर के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत है। जानकारी के अनुसार, 8 मई को वह अपने काम से शंकरनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान साहू भवन के पास स्थित एक पान दुकान पर रुकने के समय तीन युवकों ने उससे विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने पहले युवक के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती उसकी मोपेड पर बैठाकर नजदीकी एटीएम तक ले गए। वहां धमकी देकर उसके खाते से 10 हजार रुपये निकलवाए गए। रकम लेने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
किसी तरह पीड़ित युवक टिकरापारा थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मुख्य आरोपी विशाल बृजवानी उर्फ दीनू को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पांच से अधिक अपराध दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला बदर की कार्रवाई के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




