चंडीगढ़, 13 मई (वेब वार्ता)। हरियाणा निकाय चुनाव के परिणाम को लेकर इंतजार की घड़ियां अब समाप्त होने जा रही हैं। बुधवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और करीब 11 बजे तक रुझानों से यह स्पष्ट होने लगेगा कि कौन से उम्मीदवार जीत की ओर बढ़ रहे हैं। दोपहर बाद अंतिम परिणाम घोषित किए जाएंगे।
हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों को मतगणना को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
गौरतलब है कि पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम, रेवाड़ी नगर परिषद तथा उकलाना, सांपला और धारूहेड़ा नगर पालिका सहित कई वार्ड सदस्यों के उपचुनाव के लिए 10 मई को मतदान कराया गया था। इस बार राज्य में कुल 54.8 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनाव की तुलना में करीब पांच प्रतिशत कम रहा।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कम मतदान ने कई उम्मीदवारों के चुनावी समीकरण बिगाड़ दिए हैं। चुनाव मैदान में 614 से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन चुनावों को सत्तारूढ़ दल और विपक्ष दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री समेत कई कैबिनेट मंत्रियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी। वहीं विपक्षी दलों ने स्थानीय मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष को घेरने का प्रयास किया। ऐसे में चुनाव परिणामों को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही केंद्रों में प्रवेश की अनुमति होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही किसी भी अवांछित गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।




