ललितपुर, 11 मई (आलोक चतुर्वेदी)। जालौन सड़क हादसे में नौ श्रद्धालुओं की मौत के बाद महरौनी कस्बे में गहरा शोक पसरा हुआ है। अयोध्या धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। इस बीच सांसद अनुराग शर्मा सोमवार को पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
जानकारी के अनुसार कालपी क्षेत्र के पास श्रद्धालुओं से भरी कार हादसे का शिकार हो गई थी। बताया गया कि चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में शशिकांत तिवारी, कृष्णकांत नायक, दीपक तिवारी, हरिमोहन तिवारी, भूषण तिवारी, अंशुल तिवारी, स्वामीप्रसाद तिवारी, मनोज भोंडले और देशराज सहित कुल नौ लोगों की जान चली गई। घटना के बाद पूरे महरौनी क्षेत्र में मातम का माहौल बना हुआ है।
सांसद अनुराग शर्मा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान कहा कि यह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का दुख है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह हर परिस्थिति में प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।
इस दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने मृतक आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए। उनके साथ विधायक रामरतन कुशवाहा, अपर जिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी रजनीश बाजपेई और किसान मोर्चा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय पटेरिया सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान माहौल बेहद भावुक हो गया। परिजनों की आंखों में आंसू और घरों में पसरे सन्नाटे ने सभी को भावुक कर दिया। एक दृश्य में सांसद अनुराग शर्मा एक छोटे बच्चे को गोद में लेकर उसे शांत कराते नजर आए, जबकि पास बैठी बुजुर्ग महिला अपने परिजनों को याद कर बिलख रही थी। यह दृश्य हादसे के दर्द और मानवीय संवेदनाओं को गहराई से दर्शाता रहा।
महरौनी क्षेत्र में इस हादसे के बाद शोक की लहर है। किसी परिवार ने बेटा खोया तो किसी बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया। हालांकि इस कठिन समय में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता ने पीड़ित परिवारों को कुछ हद तक सहारा देने का प्रयास किया है।




