आईपीएल 2026 में शुभमन गिल की शानदार छलांग, कगिसो रबाडा बने नए पर्पल कैप धारक

अहमदाबाद, 10 मई (वेब वार्ता)। आईपीएल 2026 के 52वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से हराकर अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत कर ली। इस मुकाबले के बाद ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की दौड़ में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला। शुभमन गिल शानदार पारी की बदौलत शीर्ष बल्लेबाजों की सूची में ऊपर पहुंच गए, जबकि कगिसो रबाडा ने सबसे ज्यादा विकेट लेकर पर्पल कैप अपने नाम कर ली।

नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए साई सुदर्शन ने 36 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने 44 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली। अपनी पारी में गिल ने नौ चौके और तीन छक्के लगाए। हालांकि वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी ने गुजरात को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

230 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शानदार अंदाज में की। उन्होंने 16 गेंदों में 36 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। हालांकि उनके आउट होने के बाद राजस्थान की पारी लड़खड़ा गई और पूरी टीम 152 रन पर सिमट गई।

इस मुकाबले के बाद ऑरेंज कैप की दौड़ में भी हलचल देखने को मिली। सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन 494 रन के साथ अभी भी शीर्ष पर बने हुए हैं। दूसरे स्थान पर अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 475 रन बनाए हैं। दिल्ली के केएल राहुल 468 रन के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद हैं।

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल अब 462 रन के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी 440 रन के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गए हैं। साई सुदर्शन भी समान रन के साथ इस सूची में शामिल हैं।

आईपीएल 2026 ऑरेंज कैप सूची

  • 494 रन — हेनरिक क्लासेन
  • 475 रन — अभिषेक शर्मा
  • 468 रन — केएल राहुल
  • 462 रन — शुभमन गिल
  • 440 रन — वैभव सूर्यवंशी, साई सुदर्शन

गेंदबाजी में कगिसो रबाडा ने बड़ा उलटफेर करते हुए पर्पल कैप अपने नाम कर ली। राजस्थान के खिलाफ उन्होंने तीन ओवर में 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अब उनके नाम 18 विकेट हो गए हैं।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के भुवनेश्वर कुमार 17 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के अंशुल कंबोज भी 17 विकेट लेकर बराबरी पर हैं। लखनऊ के प्रिंस यादव और सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा 16-16 विकेट के साथ सूची में शामिल हैं।

आईपीएल 2026 पर्पल कैप सूची

  • 18 विकेट — कगिसो रबाडा
  • 17 विकेट — भुवनेश्वर कुमार
  • 17 विकेट — अंशुल कंबोज
  • 16 विकेट — प्रिंस यादव
  • 16 विकेट — ईशान मलिंगा

आईपीएल में रविवार को डबल हेडर मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच दोपहर साढ़े तीन बजे से होगा, जबकि दूसरे मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना मुंबई इंडियंस से होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles