मधुसूदन हुलगी बने देवरिया के नए जिलाधिकारी, दिव्या मित्तल का तबादला

-ममता तिवारी

देवरिया, 04 मई (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 2015 बैच के आईएएस अधिकारी मधुसूदन हुलगी को देवरिया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया है। वहीं, वर्तमान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का तबादला कर उन्हें राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।

मधुसूदन हुलगी इससे पहले मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे। इसके अतिरिक्त वे उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में अपर आवास आयुक्त की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। अब उन्हें देवरिया जैसे महत्वपूर्ण जिले की प्रशासनिक कमान सौंपी गई है।

मूल रूप से कर्नाटक के बेलगावी के निवासी हुलगी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की। अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने महोबा में सहायक मजिस्ट्रेट, अयोध्या में संयुक्त मजिस्ट्रेट, सुल्तानपुर और वाराणसी में मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्य किया है।

इसके अलावा वे मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और सर्व शिक्षा अभियान में अतिरिक्त निदेशक भी रह चुके हैं। जून 2024 में उन्होंने कौशांबी के जिलाधिकारी के रूप में भी कार्यभार संभाला था। मुरादाबाद में अवैध निर्माण के खिलाफ उनकी सख्त कार्रवाई काफी चर्चा में रही थी।

बताया जा रहा है कि रविवार देर रात प्रदेश सरकार ने कुल 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिनमें आठ जिलों के जिलाधिकारियों को बदला गया है। प्रशासनिक दृष्टि से यह फेरबदल महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इससे शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में नई गति आने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

- Advertisement -spot_img

More articles