लखीमपुर खीरी होमगार्ड भर्ती परीक्षा संपन्न, कठिन प्रश्नपत्र पर अभ्यर्थियों की प्रतिक्रिया

लखीमपुर खीरी, 28 अप्रैल (वेब वार्ता)। तीन दिनों तक चली होमगार्ड भर्ती परीक्षा सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद जहां प्रशासन ने राहत की सांस ली, वहीं पहली पाली से बाहर निकले अभ्यर्थियों में प्रश्नपत्र की कठिनाई को लेकर असंतोष देखने को मिला।

परीक्षार्थियों का कहना था कि प्रश्नपत्र का स्तर अपेक्षा से अधिक कठिन रहा और यह होमगार्ड भर्ती की बजाय उच्च पदों की परीक्षा जैसा प्रतीत हुआ। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने इसे संतुलित बताते हुए कहा कि तैयारी के आधार पर प्रश्न हल किए जा सकते थे।

जिले के 16 परीक्षा केंद्रों पर अंतिम दिन दोनों पालियों में कुल 13,056 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। इनमें से 10,052 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 3,004 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग सहित सेक्टर एवं स्थैतिक मजिस्ट्रेट विभिन्न केंद्रों पर तैनात रहे। जिलाधिकारी ने पॉलिटेक्निक विद्यालय और जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़ी निगरानी के बीच अभ्यर्थियों को मेटल डिटेक्टर, फोटो स्कैनर और बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा समाप्ति के बाद अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट जमा कराने के उपरांत ही बाहर जाने की अनुमति दी गई। दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की पुष्टि प्रशासन ने की है।

अभ्यर्थी उदय वर्मा ने बताया कि परीक्षा को लेकर उत्साह तो था, लेकिन प्रश्नपत्र देखकर उम्मीदों को झटका लगा। उनके अनुसार प्रश्न काफी कठिन थे, फिर भी उन्होंने सभी सवालों का उत्तर देने का प्रयास किया।

वहीं खुशबू ने कहा कि परीक्षा का स्तर अपेक्षा से अधिक ऊंचा था और ऐसे प्रश्न अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी कम ही देखने को मिलते हैं। उनका मानना है कि परिणाम आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

परीक्षा के सफल आयोजन के बावजूद प्रश्नपत्र की कठिनाई को लेकर उठे सवाल अब चर्चा का विषय बने हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि भर्ती परीक्षाओं का स्तर संतुलित होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles