मैनपुरी में भीषण सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से तीन की मौत

मैनपुरी, 28 अप्रैल (वेब वार्ता)। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। थाना कोतवाली क्षेत्र में शीतला माता मंदिर के पास एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फिरोजाबाद जिले के ककरऊ मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र सिंह (50) अपनी पत्नी बेबी और साले संजय सिंह (40) के साथ बाइक से मैनपुरी के ताबेपुर गांव जा रहे थे। तीनों एक पारिवारिक शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। जैसे ही वे शीतला माता मंदिर के पास पहुंचे, तभी एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक गणेश साहा भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और पिकअप वाहन चालक की तलाश की जा रही है। इस दुखद घटना से मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है, वहीं क्षेत्र में भी मातम का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest

More articles